. ख्वांगी में प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम में ग्रामीणों ने उठाई कईं समस्याएं
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। किन्नौर के कल्पा विकास खंड की ख्वांगी पंचायत में मंगलवार को प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याएं रखीं। ग्रामीणों ने विभागों से संबंधित समस्याएं, मांगें और शिकायतें प्रस्तुत कीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कल्पा के एसडीएम अमित कल्थाइक ने की। स्थानीय लोगों ने समस्याओं को रखा, जिसमें से अधिकांश का मौके पर निपटारा सुनिश्चित किया गया। एसडीएम अमित कल्थाइक ने विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रस्तुत की गई शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाए, ताकि आम जनता को शीघ्र राहत मिल सके। कल्पा की खंड विकास अधिकारी हिमांशी शर्मा ने कहा कि सुशासन सप्ताह का मुख्य उद्देश्य प्रशासन और जनता के बीच समन्वय को मजबूत करना, पारदर्शिता बढ़ाना और जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुआ। ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना की। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश नेगी, जिला कल्याण अधिकारी नितिन राणा, युवारंगी पंचायत प्रधान गंगा भगती, विभिन्न जन प्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।