रामपुर बुशहर। रामपुर जलविद्युत परियोजना में मंगलवार को फिट इंडिया रन 6.0 का आयोजन किया गया। परियोजना के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सड़क पर दौड़ लगाकर फिट इंडिया का संदेश दिया। रामपुर जलविद्युत परियोजना के प्रमुख विकास मारवाह ने दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर फिटनेस, अनुशासन और सामूहिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया। परियोजना प्रमुख विकास मारवाह ने कहा कि शारीरिक फिटनेस और मानसिक सजगता एक-दूसरे के पूरक हैं। जीवन के हर क्षेत्र में सतर्कता को आचरण का हिस्सा बनाना चाहिए। इस अवसर पर परियोजना के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, हिम्पेस्को और सीआईएसएफ के जवान उपस्थित रहे।