ओड़ी खड्ड खनेवली नहर से सैकड़ों किसान बागवानों को मिलेगी सिंचाई की सुविधा। स्रोत : जागरूक पाठक
एक वर्ष से क्षतिग्रस्त नहर दुरुस्त, देवनगर, बाहली और नरैंण पंचायत के सैकड़ों किसान-बागवानों को मिलेगा लाभ
पूर्व जिला परिषद सदस्य त्रिलोक भलूनी ने जल शक्ति विभाग का जताया आभार
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर।
ओड़ी खड्ड से खनेवली नहर से अब देवनगर, बाहली और नरैंण पंचायत के किसानों के खेत लहलहाएंगे। एक साल से क्षतिग्रस्त नहर को दुरुस्त कर दिया गया है। नहर दुरुस्त होने से तीन पंचायतों के किसानों को लाभ मिलेगा। यह सिंचाई नहर बीते वर्ष भारी बरसात के कारण जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो गई थी। देवनगर पंचायत के ग्रामीणों ने इस समस्या को पूर्व जिला परिषद सदस्य त्रिलोक भलूनी के समक्ष रखा था। इसके बाद उन्होंने जिला परिषद की बैठक में समस्या को जोर-शोर से उठाया। इसके बाद जल शक्ति विभाग के अधिकारियों के समक्ष नहर की शीघ्र मरम्मत करवाने की मांग रखी, जिसके बाद नहर की मरम्मत का कार्य शुरू हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि नहर भारी बरसात के कारण जगह-जगह से पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी। इस नहर से देवनगर पंचायत के सोबली, दोगरी, थड़ी, बाहली पंचायत के नेहरा गांव किसान और नरैंण पंचायत के किसान लाभान्वित होते हैं। गुलाब खनाशु, मोहनलाल भलूनी, संदीप मेहता, प्रताप मेहता और गोविंद नेगी ने कहा कि नहर के ठप होने से ग्रामीणों की कई हेक्टेयर भूमि पर सूखे की मार पड़ रही थी। करीब पांच महीने तक खेतीबाड़ी सूखे की चपेट में थी, लेकिन अब नहर दुरुस्त होने ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। ग्रामीणों ने इस कार्य के लिए त्रिलोक भलूनी का आभार जताया है। पूर्व जिला परिषद त्रिलोक भलूनी ने इस कार्य को समय रहते पूरा करने पर जल शक्ति विभाग का आभार जताया है। उधर, जल शक्ति विभाग रामपुर के अधिशासी अभियंता आरएस नेगी ने कहा कि ओड़ी खड्ड से खनेवली नहर को दुरुस्त कर दिया गया है।