रोहड़ू। राजा वीरभद्र सिंह राजकीय महाविद्यालय सीमा में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई ने एनएसएस स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रेम प्रकाश चौहान ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम में डॉ. अनिल चौहान, एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह कुल्ला, प्रो. संधीरा और प्रो. भूपेंद्र सहित पूर्व इकाई अध्यक्ष एवं अध्यक्षा मौजूद रहे। इकाई अध्यक्षा अंजलि ने सभी का कार्यक्रम में स्वागत किया। इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह कुल्ला भी मौजूद रहे। कार्यक्रम अधिकारी प्रो. संधीरा ने सत्र 2026-27 के लिए नवगठित एनएसएस कार्यकारिणी की घोषणा की। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को टैग सेरेमनी के माध्यम से सम्मानित किया गया। प्राचार्य डॉ. प्रेम प्रकाश चौहान ने एनएसएस के आदर्श वाक्य ‘नॉट मी बट यू’ की भावना पर प्रकाश डालते हुए स्वयंसेवियों से समाजसेवा और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस दौरान स्वयंसेवियों ने किन्नौरी नृत्य, पहाड़ी नाटी और पीपीटी प्रस्तुति से सांस्कृतिक छटा बिखेरी। कार्यक्रम के अंत में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो. भूपेंद्र ने सभी का आभार जताया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।