रामपुर बुशहर। पीएमश्री राजकीय उत्कृष्ट कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर में शनिवार को सात दिवसीय एनएसएस शिविर का समापन हुआ। समापन समारोह में डीएसपी नरेश शर्मा बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य जयंती धीमान ने मुख्य अतिथि और कार्यक्रम अधिकारी पीपी दुल्टा ने विशेष अतिथियों का स्वागत किया। शिविर के दौरान बेहतरीन कार्य करने के लिए शिवानी, हर्षिता, भार्गवी, ईशा, तनीषा और तेजस्विनी को सर्वश्रेष्ठ एनएसएस स्वयंसेवी के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी पीपी दुल्टा ने एनएसएस के सात दिवसीय विशेष शिविर की जानकारी सभी को दी। समापन समारोह में स्वयंसेवियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां पेश कर खूब तालियां बटोरीं। छात्राओं ने पहाड़ी, किन्नौरी और हिंदी गानों पर नृत्य पेश किया। मुख्य अतिथि ने छात्राओं को नशे से दूर रहने का आह्वान किया।