कोटखाई में सप्ताह में केवल एक सिलिंडर मिलेगा
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई (रोहड़ू)। उपमंडल प्रशासन ने रसोई गैस सिलिंडर वितरण व्यवस्था में बदलाव किया है। अब नगर पंचायत कोटखाई क्षेत्र के उपभोक्ताओं को सप्ताह में केवल एक दिन ही रसोई गैस सिलिंडर मिलेगा। ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को विभाग की ओर से निर्धारित लोकल प्वाइंट पर सिलिंडर उपलब्ध करवाए जाएंगे। नई व्यवस्था के तहत अब गैस सिलिंडर प्राप्त करने के लिए उपभोक्ताओं के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (डीएसी) और वन टाइम पासवर्ड (ओटीपी) का प्राप्त होना अनिवार्य होगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना ओटीपी और डीएसी सत्यापन के किसी भी उपभोक्ता को सिलिंडर जारी नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए गैस एजेंसियों में मोबाइल नंबर अपडेट अवश्य करवाएं। प्रशासन के अनुसार इस नई व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य गैस वितरण प्रणाली में पारदर्शिता लाना और उपभोक्ताओं तक सुचारु तरीके से एलपीजी सिलेंडर पहुंचाना है।