रोहड़ू। प्रदेश में चल रही पटवारी भर्ती प्रक्रिया को लेकर भाजपा ने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाए हैं। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश डोगरा ने कहा है कि पटवारी भर्ती में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को आवेदन शुल्क में किसी भी प्रकार की छूट न देना दुर्भाग्यपूर्ण है। डोगरा ने कहा कि भारतीय संविधान में अनुसूचित जाति, जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग को समान अवसर प्रदान करने के साथ विशेष संरक्षण की स्पष्ट व्यवस्था की गई है। इसके बावजूद वर्तमान सरकार की ओर से पटवारी भर्ती में सभी वर्गों के लिए समान आवेदन शुल्क निर्धारित करना गरीब और वंचित वर्ग के युवाओं के साथ सीधा अन्याय है। उन्होंने कहा कि अब तक प्रदेश और केंद्र की अधिकांश सरकारी भर्तियों में इन वर्गों को आवेदन शुल्क में छूट दी जाती रही है, ताकि आर्थिक कमजोरी किसी की प्रतिभा के आड़े न आए। भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि सरकार का यह निर्णय आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। कई ऐसे अभ्यर्थी हैं जो सीमित संसाधनों के कारण आवेदन शुल्क वहन करने में असमर्थ रहते हैं और इस कारण प्रतियोगी परीक्षाओं से बाहर हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि यह कदम सामाजिक समरसता और समान अवसर की भावना को कमजोर करता है। सरकार से मांग की कि पटवारी भर्ती की अधिसूचना में तत्काल संशोधन किया जाए। उन्होंने चेताया कि यदि प्रदेश सरकार ने शीघ्र इस मुद्दे पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो अनुसूचित जाति समाज और युवा वर्ग में भारी रोष उत्पन्न होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी।