पंचायत समिति सदस्य के लिए दूसरे दिन 16 ने किया नामांकन, कुल संख्या पहुंची 25
पंचायत समिति के लिए सबसे अधिक फांचा वार्ड से 3 उम्मीदवारों ने भरे पर्चे
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर और ननखड़ी विकास खंड में पंचायतीराज चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया चल रही है। रामपुर उपमंडल के चार जिला परिषद वार्डों से शुक्रवार को एक भी नामांकन दाखिल नहीं हुआ। पंचायत समिति के लिए कुल 16 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। पंचायत समिति के 19 वार्डों के लिए अभी तक कुल 25 नामांकन पत्र प्राप्त हो चुके हैं। पंचायतीराज चुनावों को लेकर माहौल गरमा गया है। वीरवार से शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी रही। प्रक्रिया के दूसरे दिन रामपुर विधानसभा क्षेत्र के चार जिला परिषद वार्ड त्यावल-ज्यूरी, झाकड़ी, नरैण और बगलती से एक भी प्रत्याशी नामांकन करने नहीं पहुंचा। जिला परिषद के लिए अभी तक चार नामांकन पत्र ही दाखिल हो पाए हैं। इनमें एक कांग्रेस, एक भाजपा और दो आजाद उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। वहीं, तहसीलदार कार्यालय में पंचायत समिति सदस्य पद के लिए 16 नामांकन प्राप्त हुए। पंचायत समिति के लिए सबसे अधिक 3 आवेदन फांचा वार्ड से प्राप्त हुए। यहां से कृष्णामणी, रीतिका और पूजा कुमार ने नामांकन पत्र भरे। इसके अलावा वार्ड-1 रचोली से ऊषा, वार्ड-3 किन्नू से रीता, वार्ड-4 देवठी से बंसी लाल, वार्ड-8 लबाना सदाना से सुरेश कुमार, वार्ड-10 तकलेच से महेंद्र सिंह, वार्ड-11 दोफदा से जिया लाल, 14 दत्तनगर से डिंपल शर्मा, सविता, 15 मुनिश से नेक राम, हरदेव, 16 त्यावल-ज्यूरी से नीलम और वार्ड-19 कलेडा-मझेवटी से सुरेंद्र कुमार ने नामांकन पत्र दाखिल किए। पंचायत समिति के 19 वार्डों से अभी तक 25 उम्मीदवारों ने चुनावी ताल ठोकी है। 11 मई को चुनाव में उतरने वाले प्रत्याशियों के लिए नामांकन का अंतिम दिन है। 12 मई को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 14 और 15 मई को प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। 26, 28 और 30 मई को सुबह 7 बजे से अपराह्न 3 बजे तक मतदान प्रक्रिया होगी। पंचायत समिति और जिला परिषद के चुनाव नतीजे 31 घोषित होंगे, जबकि पंचायत प्रधान, उप प्रधान और वार्ड सदस्यों के चुनाव परिणाम मतदान के दिन ही सामने आएंगे। सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने बताया कि नामांकन के दूसरे दिन जिला परिषद सदस्य पद के लिए एक भी नामांकन पत्र दाखिल नहीं हुआ। पंचायत समिति के लिए दूसरे दिन कुल 16 नामांकन पत्र भरे गए। 11 मई को नामांकन भरने का अंतिम दिन रहेगा ।