डंसा (रामपुर बुशहर)। पंचायतीराज संस्थाओं के लिए नामांकन प्रक्रिया की छंटनी पूरी हो गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में अब चुनाव में उतरे प्रत्याशियों के समर्थक जोड़-तोड़ में जुट गए हैं। वहीं, ग्रामीणों ने निर्विरोध पंचायत के गठन का रास्ता ढूंढने की कवायद शुरू कर दी है। वीरवार और शुक्रवार सुबह तक चुनावी रण में उतरे प्रत्याशियों की तस्वीर साफ होगी l तब तक ग्रामीण क्षेत्रों में जोड़-तोड़ और अपने पक्ष में समर्थकों की ओर से नामांकन वापसी के लिए लॉबिंग की कसरत शुरू किए जाने की मुहिम चलती रहेगी l अधिकांश पंचायतों में क्षेत्र के तहत सभी स्वंयसेवी संस्थाओं की आम सभा आयोजित कर निर्विरोध पंचायतों के गठन का रास्ता ढूंढने की कवायद शुरू की जा रही है। फिलहाल, इस प्रक्रिया में शामिल कौन-कौन पंचायत होंगी, यह कहना मुश्किल है, लेकिन प्रदेश सरकार की ओर से निर्विरोध पंचायत के गठन के लिए घोषित 25 लाख की राशि को पाने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में कहीं न कहीं प्रयास जरूर चल रहे हैं। 15 मई को ही वस्तुस्थिति का पता चल पाएगा।