रिकांगपिओ (किन्नौर)। विधानसभा चुनाव के लिए किन्नौर विधानसभा क्षेत्र से शुक्रवार को दो उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। जिला निर्वाचन अधिकारी आबिद हुसैन सादिक ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया के पांचवें दिन किन्नौर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी से सूरत नेगी ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। तेजवंत सिंह नेगी ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उन्होंने बताया कि किन्नौर विधानसभा क्षेत्र से अभी तक कुल तीन उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। उन्होंने बताया कि उम्मीदवार 25 अक्तूबर को भी अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। नामांकन पत्रों की छंटनी 27 अक्तूबर को की जाएगी। उन्होंने बताया कि 29 अक्तूबर सायं 3:00 बजे तक नामांकन वापस लेने की समय सीमा निर्धारित की गई है।