नोगवैली बस हादसा : घटनास्थल से हटाई दुर्घटनाग्रस्त बस, जांच और जवाबदेही के सवाल बरकरार
. राय-शरण में हुए हादसे में दो लोगों की हुई थी मौत, 21 यात्री हुए थे घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
डंसा (रामपुर बुशहर)।
उपमंडल रामपुर की नोगवैली के रायशरण में हुए हादसे में हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की क्षतिग्रस्त बस को रविवार को घटनास्थल से क्रेन के माध्यम से निकाला गया। हादसे के बाद से मौके पर खड़ी बस को हटाए जाने के बावजूद दुर्घटना की यादें और प्रभावित परिवारों का दर्द अभी भी बरकरार है। इस हादसे ने क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं। रायशरण में बस खाई में गिर गई थी। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 21 घायल हुए थे। दुर्घटना ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। घटनास्थल से बस हटाए जाने के बाद अब लोगों की नजर हादसे की जांच और इसके कारणों को सामने लाने पर है। स्थानीय स्तर पर हादसे की निष्पक्ष जांच करवाने, जिम्मेदारी तय करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग उठ रही है। लोगों का मानना है कि पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा, वाहनों की स्थिति और यातायात व्यवस्था को गंभीरता से लेते हुए प्रभावी उपाय किए जाने चाहिए। दुर्घटनाग्रस्त बस घटनास्थल से हट गई है, लेकिन हादसे से जुड़े सवालों के जवाब मिलना अभी बाकी हैं। क्षेत्रवासियों की मांग है कि जांच में हादसे के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जाए और यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें। हालांकि, प्रशासनिक स्तर पर भी इस हादसे की जांच के आदेश दिए गए हैं और जांच टीम को दो सप्ताह के भीतर इसकी रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है।