. अब नेहरू मैदान में सजने वाले स्टॉलों की 10 को होगी नीलामी
. उत्सव के आयोजन और वित्तीय प्रबंधन पर खर्च होती नीलामी राशि
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)।
ठियोग में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक ठियोग उत्सव में सजने वाली दुकानों के लिए नगर परिषद ने बुधवार को नीलामी प्रक्रिया रखी गई थी, लेकिन बुधवार को कोई भी ठेकेदार स्टॉल लेने नहीं पहुंचा। ऐसे में आवंटन प्रक्रिया टल गई। नेहरू मैदान में सजने वाली स्टॉलों के लिए अब 10 अगस्त को नगर परिषद कार्यालय में आयोजित की जाएगी। 15 और 16 अगस्त को आयोजित होने वाले ऐतिहासिक ठियोग उत्सव से पहले सबसे अहम मानी जाने वाली नेहरू मैदान में लगने वाले स्टॉलों की नीलामी प्रक्रिया पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। ऑक्शन कमेटी के अध्यक्ष एवं तहसीलदार वरुण गुलाटी ने बताया कि 6 अगस्त को नियमानुसार बोली आयोजित की गई थी लेकिन किसी भी ठेकेदार ने भाग नहीं लिया। पिछले कई वर्षों से नेहरू मैदान में लगने वाले स्टॉलों की बोली एक करोड़ रुपये से अधिक में जाती रही है। इसी राशि से नगर परिषद ठियोग उत्सव के दौरान आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों और रात्रि संध्या के आयोजन का खर्च वहन करती है। इन कार्यक्रमों पर हर वर्ष 50 लाख रुपये से अधिक की राशि खर्च होती है। ऐसे में इस बार नीलामी प्रक्रिया में ठेकेदारों की उदासीनता ने नगर परिषद की चिंता बढ़ा दी है। यदि 10 अगस्त को होने वाली अगली नीलामी में भी कोई बोलीदाता सामने नहीं आता है, तो उत्सव के आयोजन और वित्तीय प्रबंधन पर असर पड़ सकता है।