नित्थर और देहरा पंचायत प्रतिनिधियों ने डीएफओ लूहरी के समक्ष उठाए मुद्दे
वन विभाग के विश्राम गृह के नवीनीकरण, सीएचसी भवन और पुलिस चौकी से जुड़े विषयों पर भी चर्चा
संवाद न्यूज़ एजेंसी
नित्थर (कुल्लू)। वन विभाग के विश्राम गृह शिल्लाबंगला में नित्थर और देहरा पंचायत के प्रतिनिधियों की वन मंडलाधिकारी लूहरी के साथ बैठक हुई। बैठक में क्षेत्र की समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान जंगलों में बढ़ती गंदगी, आग की घटनाओं पर अंकुश लगाने और संवेदनशील स्थानों पर फायर लाइन बनाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि जंगलों में जगह-जगह शराब की खाली बोतलें और प्लास्टिक कचरा बिखरा पड़ा है। कुछ लोगों ने जंगलों में शराब पीने के अड्डे बना रखे हैं, जिससे वन क्षेत्र की स्वच्छता प्रभावित हो रही है। उन्होंने वन विभाग से ऐसे लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही जंगलों को आग से बचाने के लिए संवेदनशील स्थानों पर फायर लाइन बनाने का सुझाव दिया। डीएफओ लूहरी हरदेव सिंह नेगी ने कहा कि पंचायतों के माध्यम से फायर लाइन बनाने का प्रावधान किया जा सकता है। बैठक में वन विभाग के विश्राम गृह के नवीनीकरण के अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नित्थर के भवन और पुलिस चौकी से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। बैठक के बाद राजस्व विभाग के अधिकारियों ने संबंधित भूमि की पैमाइश भी की। बैठक में डीएसपी आनी राजीव मेहता, रेंज अधिकारी सोहन लाल नेगी, नित्थर पंचायत प्रधान प्रवीण कुमार, पूर्व बीडीसी अध्यक्ष निरमंड दलीप ठाकुर, जिला शिकायत निवारण समिति के सदस्य जितेंद्रपाल ठाकुर, जोनल कांग्रेस अध्यक्ष प्रेम सिंह ठाकुर, देहरा पंचायत के उपप्रधान ओम प्रकाश सहित पुलिस और वन विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।