नित्थर(कुल्लू)। उपतहसील की दुराह पंचायत के जलोड़ी गांव की नमिता ठाकुर राष्ट्रपति भवन में आयोजित एट होम रिसेप्शन में शामिल हुईं। युवा सामाजिक कार्यकर्ता एवं एनएसएस के सदस्य नमिता ठाकुर को गणतंत्र दिवस के अवसर पर आमंत्रित किया गया। साथ ही उन्हें कर्तव्य पथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस परेड के साक्षी बनने का गौरवपूर्ण अवसर भी प्राप्त हुआ। नमिता ने बताया कि राष्ट्रपति भवन में उपस्थित होकर देश के संवैधानिक मूल्यों के प्रतीक स्थल पर अनुभव साझा करना और भारत की राष्ट्रपति से संवाद का अवसर मिलना अत्यंत प्रेरणादायी रहा। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक गरिमा, लोकसेवा की जिम्मेदारी और समावेशी नेतृत्व की सशक्त अनुभूति बताया। उनके अनुसार सच्चा नेतृत्व केवल अधिकार का नहीं, बल्कि विश्वास, सेवा और नैतिक साहस का प्रतीक होता है। नमिता ठाकुर की यह यात्रा 23 जनवरी 2023 से प्रारंभ हुई, जब उन्होंने संसद भवन में एक युवा वक्ता के रूप में भाग लिया और प्रधानमंत्री कार्यालय नई दिल्ली में प्रधानमंत्री से प्रत्यक्ष संवाद किया। 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस समारोह में विशेष अतिथि के रूप में उनकी उपस्थिति, उद्देश्य, निरंतर प्रयास और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व की भावना को दर्शाती है। नमिता ठाकुर के पिता भी गणतंत्र दिवस समारोह के साक्षी बने।