बाढ़ से उर्टू में करीब 200 मीटर सड़क क्षतिग्रस्त, ग्रामीण रोजमर्रा की चीजों के लिए कई किलोमीटर का पैदल कर रहे सफर
संवाद न्यूज एजेंसी
निरमंड (कुल्लू)। निरमंड उपमंडल की रहाणू पंचायत के नौणी नाला में बुधवार तड़के अचानक आई बाढ़ के बाद जनजीवन पटरी पर नहीं लौट पाया है। बाढ़ से उर्टू में करीब 200 मीटर सड़क का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। इस कारण दूसरे दिन भी इस सड़क पर यातायात बहाल नहीं हो पाया है। इस कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा के सामान के लिए कई किलोमीटर पैदल सफर तय करना पड़ रहा है और परेशानी झेल रहे हैं। बाढ़ से नित्थर-बागीपुल-निरमंड सड़क पर वाहनों के पहिये पूरी तरह से थम गए हैं। सड़क बंद होने से नित्थर उपतहसील के कई गांवों का संपर्क उपमंडल मुख्यालय निरमंड से कट गया है। स्थानीय लोगों को अब रोजमर्रा की जरूरतों और अन्य कार्यों के लिए कई किलोमीटर का अतिरिक्त पैदल सफर तय करना पड़ रहा है। क्षेत्र के ग्रामीणों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से शीघ्र सड़क यातायात के लिए बहाल करने की मांग उठाई है ताकि लोगों को परेशानियों का सामना न करना पड़े। उधर, लोक निर्माण विभाग निरमंड मंडल के अधिशासी अभियंता मनोज कुमार का कहना है कि सड़क को बहाल करने का कार्य जारी है। यदि मौसम अनुकूल रहा तो शनिवार तक आवागमन सुचारु कर दिया जाएगा।