नेरवा (रोहड़ू)।
राजकीय महाविद्यालय नेरवा के बीएससी तृतीय वर्ष के छात्र निशांत कुमार ने पहले ही प्रयास में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान बॉम्बे की ओर से आयोजित स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षा के रसायन विज्ञान विषय को उत्तीर्ण कर महाविद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। निशांत कुमार की प्रारंभिक शिक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सरांह से हुई है। वर्तमान में वह राजकीय महाविद्यालय नेरवा में बीएससी की पढ़ाई कर रहे हैं। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हरबंस लाल शर्मा ने निशांत कुमार को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि इससे अन्य विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। रसायन विज्ञान विभाग के प्राध्यापक डॉ. रोहित रेहाल ने भी निशांत को शुभकामनाएं दीं। निशांत कुमार, संजय कुमार के पुत्र हैं और गांव थुंगली सरांह, चौपाल के निवासी हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया है। निशांत ने विशेष रूप से डॉ. रोहित रेहाल, डॉ. विकास सुमन, डॉ. अमनदीप शर्मा तथा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हरबंस लाल शर्मा का आभार व्यक्त किया।