सुबह से ही हिमपात और बारिश का रहा दौर
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। ठियोग में वीरवार को सुबह से ही ऊपरी क्षेत्रों में हिमपात और निचले क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रहा। इस कारण नेशनल हाईवे-पांच समेत कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही अवरुद्ध रही। ठियोग में हुई हल्की बर्फबारी से राष्ट्रीय राजमार्ग-पांच पर फागू और कुफरी के बीच यातायात प्रभावित रहा। स्थानीय प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने बर्फ में फंसे हुए वाहनों को निकालने के लिए खूब पसीना बहाया। ठियोग के एसडीएम मुकेश शर्मा और डीएसपी सिद्धार्थ शर्मा की अगुवाई में पुलिस दल के जवानों ने यातायात खुलवाने के अभियान में अपना सहयोग दिया। सुबह छह बजे से ही बर्फबारी शुरू हो गई थी। हिमपात होने से सड़क पर फिसलन अधिक हो गई, जिससे वाहनों के पहिये बर्फ पर फिसलने लगे। इससे यातायात प्रभावित हुआ। कई छोटे और परिवहन निगम के बसें बड़ी मुश्किल से निकल पाईं। एसडीएम मुकेश शर्मा ने मौके पर पहुंच कर सड़क को खुलवाने की मुहिम शुरू की। प्रशासनिक अधिकारी और एनएच के कर्मचारियों ने सड़क पर रेत बिछाने के काम में तेजी दिखाई। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर ग्यारह बजे सड़क मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल किया गया। वहीं, रोहड़ू और चौपाल जाने वाले रास्ते भी बर्फबारी के कारण अवरुद्ध हैं।