निगुलसरी में 14 घंटे बाद बहाल हुआ नेशनल हाईवे पांच। संवाद
बुधवार देर शाम को फिर हुआ बाधित, वीरवार सुबह आठ बजे हुआ बहाल
सांगला(किन्नौर)। किन्नौर जिले के आपदा प्रभावित निगुलसरी क्षेत्र में पहाड़ी से भूस्खलन का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। यहां नेशनल हाईवे-पांच पर सफर करना जोखिमभरा बना हुआ है। बुधवार देर शाम को एक बार फिर नेशनल हाईवे भूस्खलन के कारण बाधित हो गया, जो 14 घंटे बाद बहाल हुआ। निगुलसरी में एनएच-पांच पर स्थिति सुधरने का नाम नहीं ले रही है। क्षेत्र में रात के समय बारिश हो रही है। इस कारण कारण पहाड़ी से निगुलसरी सेक्टर-26 के पास भूस्खलन हो रहा है। बुधवार शाम से एनएच बंद होने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लगी रहीं। सेब सीजन में जुटे वाहनों को भी घंटों तक परेशानी झेलनी पड़ी। वीरवार सुबह एनएचएआई की मशीनें और मजदूर एनएच को बहाल करने में जुट गए और 14 घंटे बाद सुबह आठ बजे यातायात बहाल हुआ। वीरवार दोपहर को सेब से लदा एक ट्रक भी दलदल में फंस गया था। इस कारण यहां करीब आधे घंटे तक वाहनों की आवाजाही पर रोक लग गई। कड़ी मशक्कत के बाद दलदल में फंसे ट्रक को बाहर निकाला गया और यातायात सुचारु हो पाया। एनएचएआई के कनिष्ठ अभियंता सतीश जोशी ने कहा कि बुधवार देर शाम को पहाड़ी से भूस्खलन होने के कारण 14 घंटे तक मार्ग अवरुद्ध रहा। एनएचएआई ने वीरवार सुबह आठ बजे बाधित मार्ग को बहाल कर दिया था।