50 साल पुरानी मशीन हटाई, 37 पंचायतों के ग्रामीणों को मिलेगा लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। सिविल अस्पताल आनी में लंबे समय से बंद पड़ी एक्सरे सुविधा को बहाल करने की कवायद शुरू हो गई है। अस्पताल में 50 साल पुरानी एक्सरे मशीन को हटाकर नई आधुनिक मशीन स्थापित करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। मशीन स्थापित होने और जरूरी तकनीकी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद जल्द ही मरीजों को अस्पताल में ही एक्सरे की सुविधा मिल सकेगी। सिविल अस्पताल आनी क्षेत्र की 37 पंचायतों के ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करता है। इसके अलावा मंडी जिले की साथ लगतीं कई पंचायतों के लोग भी उपचार के लिए इसी अस्पताल पर निर्भर हैं। ऐसे में अस्पताल में एक्सरे सुविधा बंद होने से मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। विशेषकर, दुर्घटनाओं और हड्डियों से संबंधित चोटों के मामलों में मरीजों को एक्सरे करवाने के लिए निजी क्लीनिकों का रुख करना पड़ता था। इससे जहां मरीजों को अतिरिक्त आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा था, वहीं जांच करवाने में भी समय बर्बाद होता था। अस्पताल में नई मशीन स्थापित करने की मांग स्थानीय लोगों की ओर से लंबे समय से उठाई जा रही थी। अब पुरानी मशीन को हटाकर नई मशीन लगाने का कार्य शुरू होने से क्षेत्रवासियों में राहत की उम्मीद जगी है। नई मशीन शुरू होने के बाद मरीजों को एक्सरे के लिए निजी संस्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। साथ ही चिकित्सकों को समय पर जांच रिपोर्ट मिलने से मरीजों के उपचार में भी सुविधा होगी। स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग के इस कदम का स्वागत करते हुए जल्द मशीन को चालू करने की मांग की है। आनी अस्पताल में नई एक्सरे मशीन स्थापित की जा रही है। इसकी प्रक्रिया शुरू हो गई है। जल्द ही मरीजों को अस्पताल में एक्सरे की सुविधा मिलेगी। -डाॅ भागवत मेहता खंड चिकित्सा अधिकारी, आनी