रोहड़ू। शिव शक्ति धाम में नव विक्रमी संवत् 2083 के स्वागत को लेकर कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। मंदिर कमेटी ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं। अभी से मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है और आयोजन की रूपरेखा तैयार की जा रही है। शिव शक्ति धाम के संस्थापक जोगिंद्र पाल ज्योति ने बताया कि 19 मार्च से शुरू होने वाले नवरात्र को श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाने की तैयारी चल रही है। इसके लिए मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा, ताकि श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक वातावरण मिल सके। हाटकोटी मंदिर तक लगभग 15 किलोमीटर की पैदल यात्रा रोहड़ू से शुरू होगी, जिसमें हर साल की तर्ज पर सैकड़ों भक्त भाग लेंगे। इस यात्रा में जुब्बल क्षेत्र के श्रद्धालु भी उत्साहपूर्वक शामिल होंगे। इस वर्ष नव वर्ष स्थापना के 41 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सामाजिक सरोकारों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मंदिर कमेटी की ओर से निर्धन विद्यार्थियों को सहायता सामग्री प्रदान की जाएगी। जरूरतमंद कन्याओं के विवाह के लिए आर्थिक सहयोग भी दिया जाएगा।