नित्थर(कुल्लू)। जिला आयुर्वेदिक फार्मेसी अधिकारी संघ कुल्लू की त्रैवार्षिक चुनावी बैठक ढालपुर में हुई। इसमें नील चंद राठौर को वर्ष 2026-2028 के लिए लगातार दूसरी बार संघ का अध्यक्ष चुना गया। जिलेभर से आए आयुष फार्मेसी अधिकारियों ने बैठक में भाग लिया। चुनाव प्रक्रिया के दौरान सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से राठौर पर विश्वास जताया। वह नित्थर के आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी घोरला में सेवारत हैं। संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। राजेश को वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुना गया। प्रेम प्यारी और हंस राज उपाध्यक्ष बने। आदर्श कुमार महासचिव और सीमा देवी कोषाध्यक्ष चुनी गईं। देव राज को लेखा परीक्षक का पद मिला। इसके अतिरिक्त, विनोद कुमार, अजय ठाकुर, सुनीता, रणवीर सिंह और भाद्र सिंह को राज्य प्रतिनिधि के रूप में चुना गया। अध्यक्ष चुने जाने पर नील चंद राठौर ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए सम्मान के साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। राठौर ने आयुष फार्मेसी अधिकारियों के हितों की रक्षा का संकल्प लिया। उन्होंने लंबित समस्याओं के समाधान और संगठन को मजबूत बनाने के लिए कार्य करने का आश्वासन दिया।