पांच देवताओं के सानिध्य में मनाया जा रहा स्वतंत्रता दिवस
संवाद न्यूज एजेंसी
डंसा (रामपुर बुशहर)। परशुराम की चार ठहरियों में शुमार डमयापुरी डंसा में स्वतंत्रता दिवस पर युवाओं और महिलाओं ने वाद्ययंत्रों की धुन पर दिनभर नाटी डाली। मंदिर परिसर में दिनभर ढोल-नगाड़ों की थाप पर महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सजधज कर नाटियों का दौर चलाया। नोग युवक मंडल और परशुराम मंदिर समिति डंसा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में सर्वप्रथम पंचायत प्रधान पदमा कुमारी और मुख्य अतिथि की भूमिका में शरीक हुए उप निदेशक ऑडिट विभाग कृष्ण कुमार ने ध्वजारोहण किया। मुख्य अतिथि ने आयोजक युवक मंडल को कार्यक्रम के बेहतर प्रबंधन के लिए बधाई दी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि नशे को तिलांजलि देते हुए खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें ताकि बेहतर समाज की कल्पना को अंजाम दिया जा सके। परशुराम मंदिर समिति की ओर से धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए मेले में चार ठहरी के देवता साहिब दोगणू लालसा, जाहरू नाग शनेरी, योगेश्वर गुरु महाराज शिंगला सहित जाख देवता रचोली का कार्यक्रम में देवता साहिब दमुख डंसा की उपस्थिति में ढोल-नगाड़ों की थाप पर भव्य स्वागत किया। देवताओं का ऐतिहासिक मिलन आकर्षण रहा। वहीं, महिला मंडलों सहित स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर धमाल मचाया।