सर्वश्रेष्ठ एनसीसी कैडेट्स के खिताब से पुरस्कृत राजकीय फार्मेसी कालेज रोहडू़ के कैडेट्स
रामपुर बुशहर में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में किया बेहतर प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। राजकीय फार्मेसी कॉलेज की एनसीसी इकाई के कैडेट्स ने पीजीडीसी रामपुर बुशहर में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में विभिन्न प्रतियोगिताओं में 12 पुरस्कार हासिल किए। पीजीडीसी रामपुर बुशहर में दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 8 एचपी बटालियन रामपुर बुशहर ने किया। इस प्रशिक्षण शिविर का नेतृत्व लेफ्टिनेंट कर्नल निर्मल जीत सिंह सिद्धू ने किया। शिविर में दो महाविद्यालय और 15 विद्यालय से कुल 400 कैडेट्स ने भाग लिया। शिविर में आठ एचपी बटालियन रामपुर के 15 से अधिक अधिकारियों ने प्रशिक्षण दिया। कैडेट्स को आपातकालीन स्थिति में बचाव कार्य करने का भी प्रशिक्षण दिया। महाविद्यालय के कैडेट्स ने सराहनीय प्रदर्शन करते हुए इस वर्ष भी लगातार तीसरी बार सर्वश्रेष्ठ कैडेट्स का पुरस्कार अपने नाम किया। इसके अलावा 12 पुरस्कार भी हासिल किए, जिसमें समूह नृत्य में दूसरा स्थान, समूह गीत प्रथम स्थान, एकल गीत दूसरा स्थान, एकल नृत्य में द्वितीय स्थान, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान, उद्घोषणा में दूसरा स्थान, 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में दूसरा स्थान, एसडब्ल्यू में दूसरा स्थान, 200 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में दूसरा स्थान और लेखन में प्रथम स्थान हासिल किया। इसके अलावा कॉलेज की मोद प्रधा को सर्वश्रेष्ठ कैडेट्स के खिताब से सम्मानित किया गया । कॉलेज के एनसीसी अधिकारी डॉ. विनीत मेहता ने सभी कैडेट्स को उनके सराहनीय प्रदर्शन के लिए बधाई दी। काॅलेज के प्रधानाचार्य डॉ. विवेक शर्मा ने सभी एनसीसी कैडेट्स एवं अन्य विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय की एनसीसी इकाई सदा ही सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करके संस्थान का नाम रोशन करती आ रही है।