रामपुर बुशहर। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत सोमवार को 0 से 5 साल तक के बच्चों को घर-घर जाकर पोलियो की दवा पिलाई जा रही है। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान रविवार से शुरू हुआ। बूथों में जाकर नवजात शिशुओं समेत पांच साल तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत रामपुर में पहले दिन स्वास्थ्य विभाग ने 95 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया। जो बच्चे रविवार को पोलियो बूथों तक नहीं पहुंच सके, उनको घर-घर जाकर स्वास्थ्य विभाग की टीम और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पोलियो की दवा पिला रहे हैं। अभियान के दौरान विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 5,014 बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई गई। विभाग का लक्ष्य 5,272 बच्चों तक पहुंचना था। पहले दिन 4,908 बच्चों को विभिन्न पोलियो बूथों, 41 बच्चों को ट्रांजिट प्वाइंट और 65 बच्चों को मोबाइल टीमों के माध्यम से पोलियो की दवा पिलाई गई। अभियान के दौरान कुल 279 वैक्सीन वॉयल का उपयोग किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने अभियान के लिए 62 पोलियो बूथ, 2 ट्रांजिट बूथ और 2 मोबाइल टीमों की तैनाती की थी। बीएमओ डॉ. गगन शर्मा ने बताया कि जो बच्चे किसी कारणवश रविवार को पोलियो बूथों तक नहीं पहुंच सके, उन्हें आज शाम तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर पोलियो रोधी खुराक पिलाएंगी। पोलियो से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय समय पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाना है।