कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। नारकंडा-शिलारू छात्र कल्याण संघ का सांस्कृतिक उत्सव 16 जनवरी को हमारी संस्कृति-हमारा गौरव थीम पर मनाया जाएगा। संघ शिमला के गेयटी हेरिटेज कल्चरल कांप्लेक्स में भव्य सांस्कृतिक समारोह का आयोजन करेगा। संघ के प्रतिनिधियों ने बताया है कि हमारी संस्कृति-हमारा गौरव थीम पर आधारित कार्यक्रम में क्षेत्र की विरासत, परंपरा और पहचान को सशक्त रूप से प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम में पारंपरिक संगीत, नृत्य, लोक वाद्ययंत्रों की प्रस्तुतियां और स्थानीय लोक कलाकारों के सांस्कृतिक प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं में अपनी जड़ों, संस्कृति और सामूहिक पहचान के प्रति गर्व और जुड़ाव की भावना को मजबूत करना है। कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र और छात्राएं भाग लेंगे। हिमाचली परंपराओं की विविध झलक देखने को मिलेगी।