हाटू मंदिर में 45 सेंटीमीटर तक हिमपात, यातायात अवरुद्ध होने से हजारों लोग झेल रहे परेशानियां
संवाद न्यूज एजेंसी कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कुफरी और नारकंडा में शुक्रवार रात को ताजा बर्फबारी हुई। इससे रामपुर शिमला नेशनल हाईवे पर दिनभर वाहनों की आवाजाही ठप रही। इस वजह से क्षेत्र के लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। वहीं एचआरटीसी ने एनएच बंद होने से दोपहर तक एचआरटीसी बसों को वाया बसंतपुर होकर चलाया। इसके बाद एनएच बहाल होेने पर बसों को वाया नारकंडा होकर भेजा गया। नारकंडा में 15 सेंटीमीटर तक ताजा बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है जबकि हाटू मंदिर में 45 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई है। मंदिर कमेटी हाटु के अध्यक्ष कंवर भूपिंद्र सिंह ने बताया कि माघ माह की संक्रांति पर बर्फबारी होना शुभ माना जाता है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि बर्फबारी के दौरान मंदिर न आएं। घर से ही माता की आराधना करें। क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ने से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। एनएच पांच पर दिनभर मार्ग को बहाल करने का काम जारी रहा। लाफुघाटी, मतियाना, शिलारू, नारकंडा और ओडी की ओर विभाग ने बर्फ हटाने का काम युद्वस्तर शुरू किया। इसमें तीन स्नोकटर, दो जेसीबी मशीनों की सहायता से दोपहर बाद मार्ग को बहाल कर दिया गया है। हालांकि फिसलन होने की वजह से अभी भी मार्ग पर सफर सुरक्षित नहीं है। एहतियातन फिसलन वाली जगहों पर रेत डाली जा रही है। एसडीओ एनएच प्राधिकरण कनव बरोञा ने कहा कि विभाग ने बर्फ हटाने का काम युद्वस्तर पर चलाकर मार्ग बहाल कर दिया है। आरएम रामपुर प्रेम कश्यप ने कहा कि बर्फबारी के चलते बसों को दूसरे दिन भी वाया सुन्नी होकर भेजा गया।