विधायक नंदलाल रामपुर नरैण बाहली में प्रभावित की समस्याएं सुनते हुए। संवाद
आपदा प्रभावितों के बीच पहुंचे नंदलाल, फौरी राहत की जारी
अधिकारियों को बहाली कार्य तेज करने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर उपमंडल में राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं विधायक नंदलाल ने सोमवार को आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने नरेण और बाहली पंचायतों के कुरनू, जराशी और ब्रांदली गांवों में प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और नुकसान का जायजा लिया। प्रभावित लोगों से बातचीत कर उन्होंने उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर उन्होंने पहले फौरी राहत से वंचित रहे सात परिवारों को पांच-पांच हजार रुपये की राहत राशि और चालीस परिवारों को तिरपाल वितरित किए।अध्यक्ष ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में सरकार और प्रशासन प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राहत और पुनर्बहाली कार्य में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि नुकसान का त्वरित आकलन कर प्रभावितों को समयबद्ध तरीके से सहायता राशि उपलब्ध करवाई जाए। साथ ही सड़क, पेयजल, बिजली आपूर्ति और संपर्क मार्गों की बहाली कार्य को प्राथमिकता पर पूरा किया जाए ताकि ग्रामीणों की दैनिक दिनचर्या सुचारु रूप से चल सके। इस दौरान जराशी तक संपर्क सड़क को छोटे वाहनों के लिए बहाल कर दिया गया, जिससे स्थानीय बागवान अपनी नकदी फसल सेब को छोटे वाहनों के माध्यम से समय पर मंडियों तक पहुंचा सकें। नंदलाल ने कहा कि बागवानी और कृषि क्षेत्र इस इलाके की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और इन्हें सुरक्षित रखना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की आपदा राहत नीति के तहत प्रभावित परिवारों को निर्धारित दरों के अनुसार मुआवजा प्रदान किया जाता है। इसमें मकान के पूर्ण या आंशिक क्षति, पशुधन की हानि, फसलों को नुकसान, दुकान या अन्य संपत्ति को क्षति जैसी परिस्थितियों के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को नियमों के अनुसार शीघ्र राहत राशि उपलब्ध करवाई जाएगी, ताकि वे सामान्य जीवनयापन की ओर लौट सकें। वहीं, प्रवास से पूर्व नंदलाल ने सर्किट हाऊस रामपुर में लोगों की समस्याएं भी सुनीं। स्थानीय लोगों से विभिन्न मुद्दों पर बातचीत की और संबंधित विभागों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान ही सरकार की प्राथमिकता है। इस मौके पर पंचायत समिति रामपुर के अध्यक्ष आशीष कायथ, खंड विकास अधिकारी राजेंद्र नेगी, जिला परिषद त्रिलोक भलूनी, एसएमएस बागवानी डॉ. संजय चौहान, एसएमएस कृषि डॉ. पवन कुमार, नायब तहसीलदार तकलेच अनमोल शर्मा, वन परिक्षेत्र अधिकारी राजेश्वर कल्याण, लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग, विद्युत बोर्ड समेत अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।