रोहड़ू। जुब्बल उपमंडल की पराली पंचायत में सोमवार को खड़ापत्थर-पटसारी से नकटाड़ा संपर्क सड़क और मंढोल पंचायत की फुट्टाढांक संपर्क सड़क को वाहनों के लिए पास किया गया। पासिंग के दौरान प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। पंचायत पराली और मंढोल की जनता ने कहा कि सड़कों की पासिंग ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इन सड़कों से न केवल आवागमन में तेजी आएगी, बल्कि ग्रामीण जीवन के कई पहलुओं पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। पराली पंचायत की प्रधान मीनाक्षी माजटा, मंढोल पंचायत के प्रधान चंद्र रांगटा ने सड़कों की पासिंग होने पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का आभार व्यक्त किया है। इस अवसर पर एसडीएम गुरमीत सिंह नेगी, पंचायत समिति के उपाध्यक्ष यशवंत जस्टा, पराली पंचायत के पूर्व प्रधान विजय चौहान, लोक निर्माण मंडल जुब्बल के अधिकारी, हिमाचल पथ परिवहन निगम के अधिकारी, लोक निर्माण विभाग मंडल जुब्बल, कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता, स्थानीय लोग और कर्मचारी उपस्थित रहे।