रिकांगपिओ (किन्नौर)। किन्नौर की सांगला वैली के होनहार छात्र नभय नेगी ने प्रदेश सरकार की ओर से आयोजित स्वर्ण जयंती मध्य योग्यता छात्रवृत्ति परीक्षा उत्तीर्ण की है। सीमित संसाधनों के बावजूद नभय ने राज्यस्तर पर अपना नाम चमकाया है। नभय नेगी सांगला के रहने वाले हैं और उनके पिता राम सिंह राजकीय प्राथमिक विद्यालय बोनिंग सारिंग में शिक्षक के पद पर तैनात हैं। नभय की माता उमा भारती गृहिणी हैं। वर्तमान में वह राजकीय उच्च विद्यालय थेमगारंग में अध्ययनरत है। नभय के शिक्षकों ने उनकी प्रतिभा को तराशने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। नभय के पिता उनके लिए मार्गदर्शक बने रहे। नभय के चयन पर सांगला और थेमगारंग क्षेत्र के लोगों, पंचायत प्रतिनिधियों और उनके परिजनों ने खुशी जताई है।