संवाद न्यूज एजेंसी
रोहडू़। तहसील कोटखाई के रावला क्यार में आयोजित अनिल चौहान मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब राॅयल क्लब गवास ने जीता है। टीम ने फाइनल मुकाबले में घासी गांव की टीम को हराया। कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष विक्रम कंवर ने प्रतियोगिता के समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया। प्रतियोगिता के अंतिम दिन फाइनल मुकाबला राॅयल क्लब गवास रोहडू़ और घासी गांव के बीच खेला गया। इसमें राॅयल क्लब गवास की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 125 रन बनाए लेकिन लक्ष्य का पीछा करने उतरी घासी गांव की टीम महज 84 रन पर सिमट कर रह गई। विजेता टीम को एक लाख रुपये की नकद राशि और ट्राॅफी और उपविजेता टीम को पचास हजार रुपये और ट्राॅफी देकर नवाजा गया। फाइनल मुकाबले में बेहतर खेल के लिए ग्वास टीम के धर्मेंद्र काे मैन ऑफ दी मैच के खिताब से नवाजा गया। आयोजक क्लब के सचिव विक्रम चौहान ने सभी टीमों और क्लब के सदस्यों का आयोजन को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया।