संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। सफेद नशे का काला जहर प्रदेश के युवाओं को लगातार अपनी जकड़ में फंसा रहा है। जिला शिमला और रामपुर क्षेत्र में भी आए दिन चिट्टा पकड़ने के मामले सामने आ रहे हैं। इसी तरह के मामले में रामपुर पुलिस ने रविवार सुबह खनेरी के साथ तीन युवकों से 7.57 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक सुबह करीब 7:10 बजे नेशनल हाईवे पांच पर एक कार खड़ी थी, जिसमें तीन लोग सवार थे। पुलिस को देखकर तीनों युवक घबरा गए। पुलिस ने शक के आधार पर वाहन की तलाशी ली। इस दौरान सोनम लुंडुप (28), निवासी काजा, गुंजन कांगो निवासी हमीरपुर और अश्वनी जोशी निवासी कुल्लू के रूप में हुई है। डीएसपी रामपुर चंद्रशेखर कायथ ने इसकी पुष्टि की है।