चिलाला में दोनों बागवानों के पास काम करते थे काम
संवाद न्यूज एजेंसी
राेहड़ू। चिड़गांव तहसील के चिलाला में नेपाल मूल का व्यक्ति अपने ही साथी की हत्या करके फरार हो गया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, रोहड़ू के बराल गांव निवासी बागवान तेश चौहान ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि 16 अप्रैल को वह हरिद्वार से दो नेपाल मूल के व्यक्ति कृष्ण और हरि को मजदूरी और चौकीदारी के लिए लाया था। दोनों को चिलाला में अपने बगीचे में रखा था। 26 अप्रैल को जब वह अपने बगीचे में गया, तो देखा कि ढेरा बाहर से बंद था। जब दरवाजा खोला, तो अंदर कृष्ण की लाश पड़ी थी और हरि मौके से फरार था। उसे संदेह हुआ कि हरि ने ही अपने साथी कृष्ण की हत्या की और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को कब्जे में ले लिया है। बागवान के पास नेपाल मूल के व्यक्ति की कोई फोटो नहीं है, न ही उसका पहचान पत्र उपलब्ध है। इस कारण फरार नेपाली को पकड़ना पुलिस के मुश्किल हो गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके पर से पुलिस ने कुछ साक्ष्य उठाए हैं। शीघ्र ही फोरेंसिक टीम मौके का मुआयना करेगी। डीएसपी रोहड़ू प्रणव चौहान ने बताया कि हत्या करने के बाद नेपाल मूल का आरोपी हरि मौके से फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।