आग बुझाने के तरीकों और आपात स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों की दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू।
लाल बहादुर शास्त्री राजकीय महाविद्यालय सरस्वती नगर में आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ ने भूगोल विभाग के सहयोग से अग्नि सुरक्षा पर द्वितीय मॉकड्रिल एवं प्रदर्शन का आयोजन किया। सहायक प्राध्यापक कैलाश चौहान के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों और कर्मचारियों को आग से बचाव तथा आपात स्थिति में सुरक्षित रहने के उपाय बताए गए। मॉकड्रिल के दौरान आग लगने के संभावित कारणों, समय रहते कार्रवाई करने और आपात स्थिति में शांत रहकर सुरक्षा नियमों का पालन करने के महत्व पर प्रकाश डाला गया। प्रतिभागियों को बताया गया कि आग लगने की स्थिति में संबंधित अधिकारियों को तुरंत सूचित करना चाहिए और बिना घबराए सुरक्षित तरीके से बाहर निकलने का प्रयास करना चाहिए।इस दौरान आग बुझाने के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए बताया गया कि कागज, लकड़ी और कपड़े जैसी ठोस ज्वलनशील वस्तुओं में लगी आग बुझाने के लिए पानी का उपयोग किया जा सकता है। हालांकि, बिजली के उपकरणों या ज्वलनशील तरल पदार्थों से लगी आग पर पानी का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए, क्योंकि इससे आग फैलने और करंट लगने का खतरा बढ़ सकता है। कार्यक्रम के माध्यम से महाविद्यालय परिसर में अग्नि सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। महाविद्यालय प्रशासन ने सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने और विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों में आपात स्थितियों से निपटने के लिए जिम्मेदार व्यवहार विकसित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।