पराला में निर्मित सीए स्टोर के निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए
यूपीआई लेनदेन पर लगाए शुल्क को बताया धोखा
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने वीरवार को ठियोग विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने डिजिटल भुगतान और यूपीआई लेनदेन पर लगाए जा रहे शुल्क को आम उपभोक्ताओं और व्यापारियों के साथ धोखा बताया। इस दौरान ठियोग सिविल अस्पताल को आठ नए डॉक्टर मिलने की भी जानकारी दी गई। बैठक में राठौर ने विभागाध्यक्षों के साथ विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति, प्रगति और गुणवत्ता पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। पत्रकारों से बातचीत में राठौर ने केंद्र सरकार पर यूपीआई शुल्क को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने इसे आम लोगों और छोटे कारोबारियों पर आर्थिक बोझ बताया। विधायक ने ठियोग सिविल अस्पताल को आठ नए डॉक्टर मिलने को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। अस्पताल के नए भवन के निर्माण के लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी। ठियोग कस्बे के लिए अमृत पेयजल योजना को भी जल्द शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। विधायक राठौर ने पराला में निर्मित सीए स्टोर के निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि करीब 71 करोड़ रुपये की लागत से बना यह स्टोर पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में बना था। राठौर के अनुसार, इसके निर्माण में कई गंभीर खामियां सामने आई हैं, जिनकी जांच करवाई जा सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी धन से होने वाले निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए। समीक्षा बैठक में सड़क, स्वास्थ्य और पेयजल सहित विभिन्न विभागों के मुद्दों पर चर्चा हुई। विधायक ने अधिकारियों से कार्यों की नियमित निगरानी करने को कहा। राठौर ने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ तभी मिलेगा जब वे समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरी हों। ठियोग क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए विभागों के साथ लगातार समन्वय बनाया जा रहा है।