रोहड़ू। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शुक्रवार को जुब्बल उपमंडल के पास डकैड़ में निर्माणाधीन शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। यह संस्थान जुब्बल क्षेत्र में बनने वाला एक बड़ा और महत्वपूर्ण संस्थान है, जहां पर आने वाले समय में प्रदेश और देशभर से शिक्षक प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। मंत्री ने निर्माण कार्य को निश्चित समयावधि में पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने खड़ापत्थर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण 1.87 करोड़ रुपये की लागत से हो रहा है। इस दौरान मंत्री ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में 11 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण किया जा रहा है। इसमें से एक स्वास्थ्य केंद्र बरथाटा (बटाड़गलू) का लोकार्पण किया जा चुका है। कार्यक्रम में दौरान पराली पंचायत में मंत्री ने कहा कि जुब्बल-कोटखाई-नावर की हर पंचायत में सर्वांगीण विकास हो रहा है। इसके अंतर्गत कई सड़कों और भवनों का निर्माण हुआ है। प्रमुख सड़क खड़ापत्थर पटसारी का उन्नयन कार्य 17.16 करोड़ रुपये से किया जा रहा है। खड़ापत्थर, गिरी गंगा सड़क को 6.46 करोड़ रुपये की लागत से पक्का किया गया है। इसी क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत मडांन संपर्क मार्ग के लिए 2.96 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्राप्त हो गई है। इस अवसर पर जुब्बल-नवार-कोटखाई कांग्रेस मंडल अध्यक्ष मोतीलाल डेरटा, पराली पंचायत की प्रधान मीनाक्षी मजटा, कोमल हांसटा, लोकपाल शरखोली, अनुसूची जाति के अध्यक्ष मुनि लाल नरसेठ और पंचायत प्रधान किरपा राम उपस्थित रहे।