वास्तविक नियंत्रण रेखा की अग्रिम चौकियों पर पहुंचे गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय आईटीबीपी के ज
.12 हजार से 18 हजार फीट की ऊंचाई पर तैनात आईटीबीपी जवानों से किया संवाद
सीमा सुरक्षा का लिया जायजा .गृह राज्य मंत्री ने सीमावर्ती गांवों के ग्रामीणों से भी संवाद किया
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने शुक्रवार को लाहौल-स्पीति जिले में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) से सटी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की अग्रिम सीमा चौकियों का दौरा कर सीमा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सुमदो, पोआंग, ओपी हिल, हाई टॉप, हाई ग्राउंड, बरग्योक और लेपचा सीमा चौकियों का निरीक्षण किया। ये चौकियां करीब 12 हजार से लेकर 18 हजार फीट तक की ऊंचाई पर स्थित हैं। गृह राज्य मंत्री ने विषम भौगोलिक परिस्थितियों में देश की सीमाओं की सुरक्षा में तैनात आईटीबीपी के हिमवीरों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि जिन दुर्गम परिस्थितियों में जवान देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं, वह उनकी अदम्य वीरता, साहस और देशभक्ति का परिचायक है। नित्यानंद राय ने कहा कि देश के हिमवीर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भरोसे और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के विश्वास के मजबूत स्तंभ हैं। उन्होंने देशवासियों की ओर से आईटीबीपी के जवानों को नमन किया। दौरे के दौरान गृह राज्य मंत्री ने सीमावर्ती गांवों के ग्रामीणों से भी संवाद किया। प्रथम गांव और वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम से जुड़े ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि पलायन कर चुके कुछ लोग अब वापस अपने गांव लौट रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि गांवों में विकास कार्यों और रोजगार के अवसर बढ़ने से लोगों में अपने पैतृक गांवों में लौटने का भरोसा बढ़ा है। इसके बाद नित्यानंद राय ने आईटीबीपी की 17वीं वाहिनी के मुख्यालय रिकांगपिओ में सीमा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों के साथ सीमा सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विमर्श किया और आवश्यक जानकारी ली।