रिकांगपिओ में आयोजित लाडा की बैठक में विभिन्न् विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि। स्त्रोत जन
मंत्री जगत सिंह नेगी ने विकास प्राधिकरण की बैठक की अध्यक्षता की
रिकांगपिओ ( किन्नौर)। राजस्व एवं जन-शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने बुधवार को जिला किन्नौर के रिकांगपिओ स्थित आईटीडीपी सम्मेलन कक्ष में स्थानीय क्षेत्र विकास समिति की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में राजस्व मंत्री ने बैठक में परियोजना अधिकारियों को विकास कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही परियोजना अधिकारियों को प्रभावित पंचायतों में चल रहे कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने परियोजना अधिकारियों का निर्देश दिए कि जिला के बेरोजगार युवाओं को रोजगार प्रदान करें। जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने परियोजना अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल विद्युत परियोजनाओं की सभी डंपिंग साइटों को चिह्नित करें। इसके अलावा कार्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) की लंबित राशि को शीघ्र जमा करवाएं और सीएसआर के पैसे को स्थानीय पंचायत के साथ बैठक कर जनहित के कार्यों में खर्च करना सुनिश्चित करें। इसके बाद राजस्व मंत्री ने कल्पा व सांगला क्षेत्र के तहत विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण की बैठक की अध्यक्षता की और अधिकारियों को साडा के तहत किए जा रहे विकास कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त साडा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले स्थानों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के कड़े निर्देश दिए। बैठक में रिकांगपिओ में स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव, पार्किंग व्यवस्था, पार्किंग निषेध क्षेत्र, पोवारी स्थित ठोस कचरा प्रबंधन संयंत्र, सार्वजनिक शौचालय निर्माण, पर्यटन नगरी सांगला में यातायात व्यवस्था और जल एवं मल निकासी पर भी चर्चा की गई। बैठक का संचालन एसडीएम कल्पा अमित कल्थाइक ने किया।