पुराना बस अड्डा रोहड़ू से हाटकोटी मंदिर परिसर तक युवा लगाएंगे दौड़
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू।
रोहड़ू में 26 मार्च को नशे के खिलाफ मिनी मैराथन का आयोजन किया जाएगा। यह मैराथन रोहड़ू प्रशासन, पुलिस और स्थानीय युवाओं के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। एसडीएम धर्मेश रामौत्रा ने बताया कि यह मैराथन सुबह 6 बजे पुराने बस अड्डे रोहड़ू से आरंभ होकर हाटकोटी मंदिर परिसर तक आयोजित की जाएगी। इस पहल का उद्देश्य समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और युवाओं को इस बुराई से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है। एसडीएम ने स्थानीय नागरिकों से आग्रह किया कि इस जनहितकारी अभियान को सशक्त बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर मैराथन को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि यह मैराथन नशे के खिलाफ चल रही लड़ाई का एक सशक्त प्रतीक बनेगी। रोहड़ू के डीएसपी प्रणव चौहान ने कहा कि ड्रग्स के खिलाफ सरकार एवं प्रशासन दृढ़ता के साथ कार्य कर रहे हैं। चिट्टे जैसी घातक बुराई के उन्मूलन के लिए समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने स्थानीय जनता से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में मैराथन में भाग लेकर इस मुहिम को सफल बनाएं।