मिल्क फेडरेशन प्रबंधन से बकाया राशि जल्द जारी करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी(कुल्लू)।
आनी क्षेत्र के दूध उत्पादकों को तीन महीने से पेमेंट नहीं मिली है। प्रदेश भाजपा के आईटी सहसंयोजक आशीष शर्मा ने कहा कि भाजपा शासनकाल में दूध का भुगतान हर महीने समय पर हो जाता था, लेकिन वर्तमान सरकार के कार्यकाल में यह व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ गई है। अब दो से तीन महीने बीत जाने के बाद भी भुगतान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि दूध की आमदनी ही किसानों की मुख्य आजीविका का साधन है। इससे वे घर-परिवार का खर्च, बच्चों की शिक्षा और अन्य जरूरतें पूरी करते हैं। भुगतान न होने से किसानों की आर्थिक स्थिति पर विपरीत असर पड़ रहा है और वे भारी परेशानी में हैं। उन्होंने मिल्क फेडरेशन प्रबंधन से मांग की है कि आनी क्षेत्र के दुग्ध उत्पादकों का बकाया भुगतान शीघ्र जारी किया जाए ताकि उन्हें राहत मिल सके।