रोहड़ू। मिड-डे मील वर्कर यूनियन संबंधित सीटू डोडरा-क्वार इकाई का सम्मेलन डोडर क्वार में संपन्न हुआ। सीटू जिला के उपाध्याक्ष सनिल मैहता, यूनियन के ब्लॉक के महासचिव लीला ठाकुर और डोडरा क्वार की अध्यक्ष सुनित ने कहा कि केंद्र सरकार की मिड-डे मील वर्करों के लिए विरोधी नीतियों के खिलाफ 20 मई को पूर्ण हड़ताल की जाएगी। सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर रोहड़ू में विशाल धरना-प्रदर्शन करेंगे। कहा कि प्रदेश में कार्यरत 21 हजार मिड-डे मील वर्करों की स्थिति बेहद दयनीय है। इनके लिए मात्र 5,000 रुपये प्रतिमाह वेतन घोषित किया है, यह भी कई महीनों तक नहीं मिलता है। प्रदेश उच्च न्यायालय की सिंगल बेंच ने वर्ष 2019 व डबल बेंच ने वर्ष 2024 में फैसला दिया था कि मिड-डे मील वर्करों को 10 महीने के बजाय 12 महीने का वेतन दिया जाए, लेकिन इस फैसले को लागू नहीं किया गया। उन्होंने मांग की है कि मिड-डे मील वर्करों को प्रतिमाह पहली तारीख को वेतन का भुगतान किया जाए। उन्हें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की तर्ज पर एक साल में कम से कम बीस छुट्टियां दी जाएं। संवाद