रामपुर बुशहर। आंगनबाड़ी केंद्र मझाली में शुक्रवार को स्वच्छ आंगनबाड़ी, स्वस्थ बचपन के संदेश के साथ स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का आयोजन बाल विकास परियोजना रामपुर के अंतर्गत राष्ट्रीय पोषण माह के तहत किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और लोगों ने आंगनबाड़ी केंद्र और आसपास के परिसर की साफ-सफाई की। अभियान का उद्देश्य बच्चों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और आकर्षक वातावरण सुनिश्चित करने के साथ स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक करना रहा। कार्यकर्ताओं ने अभिभावकों और अन्य लोगों को आंगनबाड़ी केंद्र को स्वच्छ बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। बच्चों को स्वच्छता, हाथ धोने और अपने आसपास साफ-सफाई रखने का संदेश दिया। बाल विकास परियोजना अधिकारी रामपुर शशि ठाकुर ने कहा कि पोषण माह के अंतर्गत आयोजित गतिविधि का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण विकसित करना है। साथ ही लोगों की स्वच्छता में भागीदारी और जिम्मेदारी को बढ़ावा देना है। उन्होंने सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना की। आंगनबाड़ी केंद्रों को निरंतर स्वच्छ और बाल हितैषी बनाए रखने का आह्वान किया।