नेरवा में एक पेड़ मां के नाम पर लोगों को जागरूक करने के लिए रैली निकाल रहे स्कूल के छात्र
चौपाल (रोहड़ू)। विश्व पर्यावरण दिवस पर उत्कृष्ट राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नेरवा, हिमालयन पब्लिक स्कूल नेरवा और वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चौपाल सहित अन्य स्कूलों के बच्चों ने जागरुकता रैली निकालकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नेरवा में डीएफओ जंगवीर दुल्टा ने एक पेड़ मां के नाम अभियान की शुरुआत की। पौड़िया के वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल के अध्यापकों व विद्यार्थियों ने स्कूल प्रांगण से बाजार व खेल परिसर तक जागरुकता रैली निकाली। विद्यार्थियों ने पॉलीथिन का कचरा एकत्रित किया और परिसर की सफाई की। उसके बाद नारा लेखन, भाषण और चित्रकला की प्रतियोगिताएं हुईं। भाषण में प्रथम स्थान भगत सिंह सदन की गुंजन, द्वितीय स्थान लक्ष्मी सदन की गुंजन ने प्राप्त किया। नारा लेखन में नौवीं कक्षा के विपिन ने प्रथम और आठवीं कक्षा की दुर्गी ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। चित्रकला में दसवीं कक्षा के नवीन ने प्रथम, और नौवीं कक्षा के पीयूष ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर कार्यवाहक प्रिंसिपल अनिल हिमटा, शारीरिक शिक्षक दिनेश गजटा और वन विभाग से रवि शर्मा ने अपने विचार व्यक्त किए।