. छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों से मोहा मन
संवाद न्यूज एजेंसी
निरमंड (कुल्लू)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डीम में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह मनाया गया। समारोह में हिमाचल प्रदेश मिल्क फेडरेशन के अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम में सबसे पहले स्वागत गीत प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। स्कूल के प्रधानाचार्य रवि शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। उन्होंने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। स्कूल प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष उत्तम राणा ने स्कूल की विभिन्न समस्याओं को मुख्य अतिथि के सामने रखा। मुख्य अतिथि ने साल भर की विभिन्न गतिविधियों में अव्वल रहने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। उन्होंने समीक्षा, पारुल, रितिक, उमेश, सामरिया, अंशिका, स्नेहा, अदिति, खुशी, सक्षम, अभय, सपना और पीयूष सहित अन्य मेधावियों को सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को सम्मान प्राप्त करने पर बधाई दी और जीवन में हमेशा नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने अभिभावकों से भी नजर रखने को कहा। उन्होंने प्रदेश सरकार की ओर से शिक्षा की गुणवत्ता के लिए किए जा रहे प्रयासों के सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के प्रयास से हिमाचल शिक्षा के क्षेत्र में पांचवें स्थान पर पहुंचा है। उम्मीद जताई कि जिस तरह से शिक्षा के क्षेत्र में प्रयास चल रहे हैं, पूरे देश भर में शिक्षा के क्षेत्र में हिमाचल नंबर वन पर पहुंचेगा। मुख्य अतिथि ने कहा कि छोटे से विद्यालय से चार छात्रों का राज्य स्तर के लिए चयन होना बहुत बड़ी उपलब्धि है। कार्यालय सहायक राम सिंह ने मुख्य अतिथि का विद्यालय पधारने पर आभार जताया। जुआगी पंचायत की प्रधान रोशना ठाकुर, दलीप जोशी, योगराज ठाकुर, पवन ठाकुर, उत्तम ठाकुर, प्रताप सिंह और सेवा राम विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। समारोह में छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों से मन मोहा। इस मौके पर दलीप शर्मा, आत्मा सिंह, राम सिंह, मदन कुमार, सुरेंद्र डोगरा ,धर्मदास, मानसिंह, धर्म पाल, लता डोगरा, कुलदीप सिंह, हरनाम सिंह, रेनू, चुनी लाल, बृज लाल और बबीता ठाकुर सहित कई अन्य मौजूद रहे।