रोहड़ू। लाल बहादुर शास्त्री राजकीय महाविद्यालय सरस्वती नगर में मंगलवार को हाटकेश्वरी सोसायटी के अंतर्गत उच्च शिक्षा संस्थान प्रणाली (एचईआईएस) की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता सोसायटी की चेयरपर्सन एवं महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. पूनम मेहता ने की। इसमें बीसीए की संचालन समिति एवं प्रबंधन समिति के सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में बीसीए समन्वयक एवं सचिव डॉ. पूनम चौहान ने विभागीय गतिविधियों और बैठक की कार्यसूची से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की। आरवीएस राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सीमा से डॉ. उमेश नारटा ने नामांकित सदस्य के रूप में भाग लिया। इसके अलावा पीटीए अध्यक्ष हेमलता दुलटा, डॉ. सुमित्रा चौहान, डॉ. योगिता बंदटा, प्रोफेसर पवन कुमार, प्रोफेसर कैलाश चौहान, प्रोफेसर मनमोहन वर्मा, यशवंत दुलटा और कमलेश सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में बीसीए विभाग की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों की समीक्षा की गई। साथ ही पूर्व बैठकों के कार्यवृत्त, विभाग से जुड़ी विभिन्न कार्यसूचियों और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई। सदस्यों ने विभाग की गुणवत्ता में सुधार, विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने और विभागीय गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। सभी सदस्यों ने महाविद्यालय और विभाग के समग्र विकास में सक्रिय सहयोग देने पर सहमति जताई। महाविद्यालय में हाटकेश्वरी सोसायटी के अंतर्गत एचईआईएस की बैठक वर्ष में दो बार आयोजित की जाती है।