विधायक आनी लोकेंद्र कुमार विश्राम गृह नित्थर में भाजपा के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में चर्चा क
नित्थर में भाजपा कार्यकर्ताओं को पढ़ाया संगठन की मजबूती का पाठ
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर(कुल्लू)। नशे से बचाव के लिए युवाओं को शहीद भगत सिंह की जीवनी पढ़ने की जरूरत है। इतनी कम उम्र में उन्होंने देश के लिए अपने प्राण न्योछावर किए थे, जबकि आज की युवा पीढ़ी नशे के जाल में फंसती जा रही है। यह बात आनी विधानसभा के विधायक लोकेंद्र कुमार ने नित्थर में आयोजित बैठक के दौरान कही। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती का पाठ पढ़ाया। आनी विस के विधायक लोकेंद्र कुमार ने रविवार को लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह नित्थर में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पहले से ही संगठित हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को केंद्र सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन की मजबूती के लिए कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में नित्थर क्षेत्र के कई विकास कार्यों को लेकर चर्चा की गई। इसमें शिक्षा, सड़क और स्वास्थ्य क्षेत्र की समस्याओं बारे भी चर्चा की गई। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को शहीद भगत सिंह की जीवनी पढ़नी चाहिए, ताकि उनमें देशभक्ति की भावना जागृत हो। इस मौके पर महिला मोर्चा अध्यक्षा चमेलू ठाकुर, बीडीसी अध्यक्ष निरमंड दलीप ठाकुर, भाजपा मंडल अध्यक्ष दलाश विवेक वर्मा सहित भाजपा के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। - संवाद