पूह उपमंडल में सेब सीजन को लेकर बैठक आयोजित
. बाहर से आने वाले ट्रक ऑपरेटरों से गैर कानूनी वसूली पर होगी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
पूह (किन्नौर)।
किन्नौर जिले के पूह उपमंडल में सेब सीजन को सुचारु और निर्बाध रूप से संपन्न करवाने को लेकर व्यापक योजना तैयार की गई। बैठक में सेब ढुलाई के लिए मालवाहक वाहनों के भाड़े, बागवानों और यातायात से संबंधी समस्याओं को लेकर चर्चा की गई। एसडीएम रविंद्र सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में मिनी सचिवालय पूह के सभागार में बैठक हुई। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सेब सीजन के दौरान पूह और मूरंग तहसील में संपर्क सड़कों के रख-रखाव सुनिश्चित करें, ताकि स्थानीय बागवानों की उपज समय पर फल मंडी में पहुंच सके और मालवाहक वाहनों को कोई दिक्कत उत्पन्न न हो। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त मशीनरी उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए और आपात स्थिति में सड़क बहाली तत्काल प्रभाव से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के अधिकारियों को मुख्य सड़क पर रिकवरी वैन तैनात करने के निर्देश दिए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से बनी रहे। पूह उपमंडल ट्रक ऑपरेटर यूनियन के अध्यक्ष के साथ फल मंडियों के लिए भाड़े की दरों को तय किया गया और कहा कि सेब उत्पादकों के लिए सेब की पेटियों का बीमा करवाना अनिवार्य होगा। उन्होंने बाहर से आने वाले ट्रक ऑपरेटर के साथ गैर कानूनी वसूली करने पर सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ट्रक चालक और परिचालकों के लिए पार्किंग सुविधा चिह्नित की जाएगी और शौचालय की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने बागवानों को यूनिवर्सल कॉर्टन समय पर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया और इस बारे में एचपीएमसी और हिमफैड इकाइयों से इस दिशा में सहयोग मांगा ताकि स्थानीय लोगों को सेब सीजन के दौरान कोई असुविधा न हो। साथ ही उन्होंने थाना प्रभारी पूह और मूरंग को सेब सीजन के दौरान नियमित गश्त सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस मौके पर तहसीलदार भीम सिंह नेगी, पूह ट्रक ऑपरेटर यूनियन के अध्यक्ष प्रीतम फारका, खंड विकास अधिकारी पूह इंदर सिंह नेगी, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता नीतीश कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।