टिकरी वॉलीबॉल टूर्नामेंट में मसली मेवरिक्स ने जीता खिताब। संवाद
वॉली ब्लास्टर्स मसली रही उपविजेता, अमन शर्मा को मिला प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार
संवाद न्यूज़ एजेंसी
चिड़गांव (रोहड़ू)। टिकरी में आयोजित दो दिवसीय ओपन वॉलीबॉल प्रतियोगिता में मसली मेवरिक्स की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं, वॉली ब्लास्टर्स मसली की टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिता के समापन समारोह में रोहड़ू के विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। प्रतियोगिता में ग्रामीण क्षेत्रों की टीमों ने उत्साह के साथ भाग लिया। खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन कर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना रहा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अमन शर्मा को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। वहीं, कृष्ण हास्टा को बेस्ट सेटर, दक्ष को बेस्ट लिबरो और जितेंद्र चौधरी को बेस्ट अटैकर का पुरस्कार दिया गया। विजेता मसली मेवरिक्स टीम के कप्तान अमन शर्मा रहे, जबकि टीम को सूरज शर्मा ने प्रशिक्षित किया। उपविजेता वॉली ब्लास्टर्स मसली की कमान संस्कार शर्मा ने संभाली। टीम के प्रशिक्षक खेलो इंडिया सेंटर के कोच मुनीश ठाकुर और टीम प्रबंधक अनिल जितवांटा रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में परवीन शर्मा (कावे प्रधान, मसली), अनीश शर्मा (सचिव, ग्राम पंचायत ढाकगांव), विपुल शर्मा (चांशल एग्रो) और टीम प्रबंधक नितेश शर्मा ने सहयोग दिया।