जिला परिषद सदस्य नरैण वाहली त्रिलोक भलूनी
प्रदेश सरकार से जल्द इन सड़कों को बहाल करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर । रामपुर उपमंडल की कई ग्रामीण सड़कें भारी बरसात के कारण क्षतिग्रस्त होने से बंद हैं। सेब सीजन जोरों पर है, लेकिन लोक निर्माण विभाग और स्थानीय प्रशासन इन सड़कों को बहाल करने में कोई सुध नहीं ले रहे हैं। यह बात जिला परिषद नरैण वार्ड के सदस्य त्रिलोक भलूनी ने रामपुर में प्रेसवार्ता के दौरान कही। उन्होंंने कहा कि रामपुर उपमंडल के ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले दिनों अधिकतर ग्रामीण सड़कें बरसात के चलते बंद हो गई थीं। ग्रामीणों ने राशि एकत्रित कर इन सड़कों को बहाल करने में सहयोग दिया था। शरण जराशी, नागा टिक्कर, शोली सहित कई क्षेत्रों में सड़कें पूरी तरह से बंद हैं। उन्होंने कहा कि जब उपायुक्त से इस विषय पर बात की, तो पता चला कि सड़कों को खोलने के लिए मशीनों की व्यवस्था नहीं की गई है। उपायुक्त का कहना है कि संपर्क सड़कों को बहाल करने क लिए रामपुर विकास खंड के लिए बजट नहीं है। उन्होंने प्रदेश सरकार से कहा कि अगर बजट नहीं है, तो सड़कों को कौन बहाल करेगा। रामपुर में कई जगह बादल फटने से संपर्क सड़कें बंद हैं, लेकिन आपदा के तहत इन संपर्क सड़कों को बहाल करने के लिए बजट नहीं दिया जा रहा है। हिमाचल प्रदेश सरकार, लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह, विधायक नंद लाल और लोक निर्माण विभाग से निवेदन है कि सड़कों को बहाल करने के लिए करीब 30 लाख बजट का प्रावधान किया जाए।