खड्डों में पाइप लाइन बह जाने से कई क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति हुई बाधित
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर (कुल्लू)।
भारी बारिश के चलते कई पेयजल स्रोत बंद हो गए हैं। खड्डों में पाइप लाइन बह जाने से कई क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति भी बाधित हुई है। जन शक्ति विभाग नित्थर ने उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि उपलब्ध पानी का सावधानीपूर्वक उपयोग करें। केवल आवश्यक कार्यों में ही पानी खर्च करें और जलापूर्ति व्यवस्था सामान्य होने तक संयम बनाए रखें। जल शक्ति विभागीय कर्मचारी योजनाओं को बहाल करने के लिए प्रयासरत हैं। बरसात के मौसम में जल स्रोतों में गंदलापन बढ़ जाने के कारण पेयजल की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है, इसलिए सभी लोग पेयजल को उबाल कर और ठंडा करके ही सेवन करें। जल शक्ति विभाग नित्थर के सहायक अभियंता कैलाश भारद्वाज ने सभी लोगों से सहयोग और संयम बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से सभी क्षेत्रों में उपलब्ध पानी का समुचित वितरण और जन स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।