कसौली में लेकर जाकर एक साल किराये के मकान में रखकर बनाए संबंध
घर में भी छह महीने तक रखा, इसके बाद पीड़िता को उसके घर छोड़कर चला गया
. दोषी को 20 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया, सरकार से एक लाख की मदद के आदेश
.रामपुर स्थित जिला एवं सत्र न्यायालय (पोक्सो कोर्ट) किन्नौर ने सुनाया फैसला
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप सिद्ध होने पर रामपुर स्थित जिला एवं सत्र न्यायाधीश (पॉक्सो कोर्ट) ने दोषी को 20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। दोषी को 20 हजार रुपये का जुर्माना भी भुगतना होगा। न्यायालय ने सरकार की ओर चलाई जा रही योजना के तहत पीड़ित को एक लाख रुपये का मुआवजा देने का आदेश भी दिया है। अदालत ने शुक्रवार को दोषी पाए जाने पर शिमला जिले के कुमारसैन के चलुना गांव निवासी 23 वर्षीय राहुल को आईपीसी और पॉक्सो अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत सजा सुनाई। उप जिला न्यायवादी कमल चंदेल ने बताया कि 16 साल की पीड़िता अपनी नानी के पास रहती थी। दिसंबर 2022 को जब वह स्कूल जा रही थी, तो आरोपी उसे जबरदस्ती भगाकर कसौली ले गया, जहां आरोपी ने पीड़िता को किराये के मकान में रखकर लगभग एक साल तक जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। जब पीड़िता पुलिस या कोर्ट में आरोपी के खिलाफ शिकायत करने की कोशिश करती थी, तो वह उसे जान से मारने की धमकी देता। सोलन के कसौली से आरोपी ने पीड़िता को अपने घर ले गया। वहां भी उसे करीब 6 महीने तक रखा। इस दौरान भी वह पीड़िता के साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाता रहा। साथ ही पीड़िता को यह कहता था कि जब तक 18 साल की नहीं होती, तब तक इसी तरह आरोपी के साथ बंद कमरे में रहना पड़ेगा, नहीं तो वह उसे मार देगा। वर्ष 2024 को आरोपी पीड़िता को उसके घर पर छोड़कर कहीं चला गया और वापस नहीं आया। इसके बाद पीड़िता ने थाना कुमारसैन में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। ट्रायल के दौरान 19 गवाहों के साक्ष्य दर्ज किए गए। सभी साक्ष्यों, एसएफएसएल रिजल्ट और विशेष लोक अभियोजक की ओर से प्रस्तुत की गई दलीलों के आधार पर अदालत ने आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोप सही पाए और उसे 20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई। सरकार की तरफ से मुकदमे की पैरवी उप जिला न्यायवादी कमल चंदेल ने की।